दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र पेरू के एंडियन क्षेत्र स्थित कारहुआमायो से लगभग 9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम तेज भूकंप के झटके दर्ज किए गए, जिनका असर राजधानी लीमा तक महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.7 बताई है, जबकि जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार इसकी तीव्रता 6.8 रही।
पेरू के भूभौतिकी संस्थान के मुताबिक, इस भूगर्भीय हलचल का केंद्र जुनिन इलाके में सतह से करीब 129 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके महसूस होते ही राजधानी लीमा में नागरिक घबराकर अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों से बाहर खुले स्थानों पर निकल आए, वहीं संसद भवन (कांग्रेस) से भी सांसदों को सुरक्षित बाहर निकलते देखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े बुनियादी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी स्पष्ट किया है कि इस भूकंप से प्रशांत तट के कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन, ब्रिटिश कोलंबिया या अलास्का में सुनामी का कोई खतरा नहीं है। उधर, पुकाल्पा क्षेत्र में कुछ सेकंड तक चले तेज कंपन के कारण एक टेलीविजन समाचार कक्ष और स्थानीय निजी स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। गौरतलब है कि अल नीनो प्रभाव के मद्देनजर पेरू में पहले से ही आपदा सतर्कता बरती जा रही है और महज दो सप्ताह पूर्व ‘जिरोन ज़वाला’ में आपातकालीन बचाव अभ्यास (मॉक ड्रिल) भी आयोजित किया गया था।